उचाना कलां सीट पर महज़ 32 वोटों से हुआ हार-जीत का फैसला, 5वें स्थान पर रहे दुष्यंत चौटाला, जानें कौन जीता-कौन हारा?
ब्यूरो: Haryana Election Results 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। साल 2019 में किंगमेकर की भूमिका में रहे जेजेपी के दुष्यंत चौटाला को उचाना कलां से करारी हार का सामना करना पड़ा, दुष्यंत पांचवें स्थान पर रहे। दुष्यंत चौटाला साल 2019 से साल 2024 तक खट्टर सरकार में उप-मुख्यमंत्री थे। इस चुनाव में भी दुष्यंत उचाना कलां सीट से चुनावी मैदान में थे। लेकिन इस सीट पर दुष्यंत पांचवें स्थान पर रहे।
इस सीट से भाजपा के देवेन्द्र अत्री और कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह चुनावी मैदान में थे। इस सीट पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जीत-हार का अंतर महज 32 वोटों का था। यहां से बीजेपी के देवेन्द्र अत्री ने जीत हासिल की, उन्हें 48,968 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह को 48,936 वोट मिले। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। वहीं तीसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी वीरेंद्र गोगड़िया रहे, उन्हें 31,456 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार विकास को 13,458 वोट मिले, वहीं दुष्यंत चौटाला को 7,950 वोट मिले।
4 साल से ज्यादा तक राज्य की सत्ता में हिस्सेदार रही जजपा के नेता दुष्यंत चौटाला को उचाना सीट से करारी हार का सामना करना पड़ा। साथ ही जेजेपी राज्य में खाता भी नहीं खोल पाई। जजपा को इस विधानसभा चुनाव में महज 0.97 वोट हासिल हुए। वहीं पिछले चुनाव में जजपा 10 सीट जीतकर, खट्टर सरकार में सहयोगी थी।
पिछले चुनाव के नतीजे
इस सीट से 2019 का चुनाव दुष्यंत चौटाला ने जीता था, उन्हें 92,504 वोट मिले थे। तब चौटाला ने बीजेपी उम्मीदवार प्रेमलता सिंह को हराया था। 2014 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रेमलता सिंह ने जीत हासिल की थी। उन्होंने दुष्यंत चौटाला को हराया। 2009 में इस सीट से ओम प्रकाश चौटाला जीते थे, उन्होंने वीरेंद्र सिंह को हराया था। बीरेंद्र सिंह 2005 में इस सीट से विधायक चुने गए थे।
- PTC NEWS