पीएम मोदी मन की बात: ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को दी श्रद्धांजलि, कहा: उन्होंने दिया औसत से आसाधरण बनने का मंत्र
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने मन की बात (mann ki baat) के 84वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस साल मन की बात का ये आखिरी एपिसोड था। मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में पीएम ने कहा कि देश आज अमृत महोत्सव मना रहा है। नए साल को बेहतर बनाने का संकल्प लें। पीएम ने कहा कि कोरोना का नया वेरिएंट आ चुका है। इसका अध्ययन हमारे वैज्ञानिक कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि ये जनशक्ति की ही ताकत और सबका प्रयास है कि 100 साल में आई सबसे बड़ी महामारी से भारत लड़ सका। तमिलनाडु में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश का जिक्र करते हुए उन्होंने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां भारती की सेवा में लगे अनेक जीवन आकाश की इन बुलंदियों को रोज गर्व से छूते हैं। हमें बहुत कुछ सिखात हैं। ऐसा ही एक जीवन रहा ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का। उन्होंने कहा कि वरुण सिंह उस हेलिकॉप्टर को उड़ा रहे थे, जो इस महीने तमिलनाडु में हादसे का शिकार हो गया। उस हादसे में हमने देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत कई वीरों को खो दिया। वरुण सिंह भी मौत से कई दिन तक जांबाजी से लड़े, लेकिन फिर वो भी हमें छोड़कर चले गए।
पीएम मोदी के संबोधन के बीच एक वीडियो प्ले किया गया। इसमें ग्रीस के बच्चों ने वंदे मातरम् की शानदार प्रस्तुति दी। पीएम ने बच्चों की तारीफ करते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि दोनों देशों के आपसी संबंध कितने बेहतर हैं।
पीएम ने वैक्सीनेशन पर कहा कि देश ने 140 करोड़ डोज लगाकर बड़ा लक्ष्य हासिल किया है। यह गर्व की बात है। लोगों ने मिलकर सबसे बड़ी महामारी को हराया। ये जनशक्ति की ही ताकत है कि सबकी कोशिशों से हम 100 साल में आई सबसे बड़ी महामारी से लड़ सके हैं। कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट का हमारे वैज्ञानिक लगातार अध्ययन कर रहे हैं। हर रोज मिल रहे डेटा के आधार पर काम किया जा रहा है। लेकिन हमें सजग और अनुशासित रहना है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस साल भी परीक्षाओं से पहले मैं छात्रों के साथ चर्चा की प्लानिंग कर रहा हूं। इस कार्यक्रम के लिए दो दिन बाद 28 दिसंबर से माय गोव डॉट इन पर रजिस्ट्रेशन भी शुरू होने जा रहा है। ये रजिस्ट्रेशन 28 दिसंबर से 20 जनवरी तक चलेगा। इसके लिए क्लास 9 से 12 तक के लिए स्टूडेंट्स, टीचर्स, और पैरेंट्स के लिए ऑनलाइन कंपीटिशन भी आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि आप सब इसमें जरूर हिस्सा लें।