Sun, Jul 20, 2025
Whatsapp

आने वाले दो दिनों में करवट बदलेगा मौसम, सताएगी ठंड

Reported by:  PTC News Desk  Edited by:  Vinod Kumar -- December 04th 2021 06:28 PM
आने वाले दो दिनों में करवट बदलेगा मौसम, सताएगी ठंड

आने वाले दो दिनों में करवट बदलेगा मौसम, सताएगी ठंड

चंडीगढ़: अगले दो दिनों में मौसम का रुख बदलने वाला है। इसके चलते पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में अगले दो दिन में मौसम में बड़े बदलाव का पूर्वानुमान है। आंध्र प्रदेश में उठा चक्रवाती तूफान मौसम में बदलाव लेकर आएगा। विभाग ने 6 दिसंबर तक हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं इसका असर पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा। यहां ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। हिमाचल में बदल रहे मौसम का असर हरियाणा में भी अपना प्रभाव दिखाएगा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में हरियाणा के कुछ जिलों में हल्की बरसात का पूर्वानुमान लगाया है। हिसार, भिवानी, झज्जर, पलवल, फरीदाबाद गुरुग्राम आदि में शाम तक 5 एमएम बारिश की उम्मीद है। जीटी बेल्ट में मौसम को लेकर कोई अलर्ट फिलहाल नहीं है। ऐसे में यहां स्मॉग से भी अभी मुक्ति संभव नहीं है। पानीपत में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिन से तापमान में 1 डिग्री तक गिरावट हो रही है। अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट न आने से फिलहाल सर्दी से कुछ राहत है। मैदानी इलाकों में सूखी ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। इससे खांसी और जुकाम के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। बड़े बुजुर्ग और बच्चे इससे खासतौर पर परेशान हो रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश के बाद ही इस समस्या से छुटकारा मिल सकता है। बारिश होने से जहां स्मॉग खत्म हो जाएगा वहीं मौसमी बीमारियों पर भी लगाम लगेगी।


Top News view more...

Latest News view more...

PTC NETWORK
PTC NETWORK