उत्तरी भारत में भीषण गर्मी, कई जगह तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार
नई दिल्ली। उत्तरी भारत में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। कई जगह तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। पंजाब और हरियाणा में भी भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। हरियाणा के हिसार में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और करनाल में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में भी गर्मी का यह आलम बरकरार रहेगा। अगले कुछ दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म हवाएं चलेंगी। हालांकि 29 मई से बारिश होने के आसार हैं। साथ ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून 1 जून से 5 जून के बीच केरल के तट पर पहुंचेगा। 15 जून से 20 जून के बीच इसके मुंबई पहुंचने की संभावना है। इस बार मानसून के सामान्य रहने की संभावना जताई गई है। ---PTC NEWS---