यू-ट्यूबर हिंदुस्तानी भाऊ को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला
Youtuber Hindustani Bhau : यूट्यूब वीडियो के जरिए सेलिब्रिटी बने हिंदुस्तानी भाऊ इन दिनों मुसीबत में पड़ गए हैं। उन पर छात्रों को भड़काने का आरोप है, जिसके बाद धारावी पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट, आपदा प्रबंधन एक्ट व अन्य के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में इकरार खान वकार खान नाम के एक और श्ख्स को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि मायानगरी मुंबई के धारावी में सोमवार को छात्रों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। छात्रों की मांग थी कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा ऑफलाइन ना होकर ऑनलाइन ही रखी जाएं। अब तक सरकार ने ये मांगें नहीं मानी है, ऐसे में छात्र लगातार विरोध कर रहे हैं। पुलिस का लाठीचार्ज भी छात्रों पर हुआ है। अब इस मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विकास पाठक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ को गिरफ्तार किया गया है। उन पर छात्रों को प्रदर्शन के लिए उकसाने का आरोप है।
कहा जा रहा है कि हिंदुस्तानी भाऊ ने प्रदर्शन से पहले छात्रों को सरकार के खिलाफ भड़काया था। उन्होंने ही छात्रों से स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ के मुंबई स्थित घर के बाहर प्रदर्शन करने को कहा था। उसके बाद ही छात्र सड़क पर आए प्रदर्शन शुरू हो गया। ऐसे में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। हिंदुस्तानी भाऊ के अलावा और भी कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है।
अभी के लिए छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। वे अभी भी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। सरकार से लगातार अपील हो रही है कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा ऑनलाइन ही रखी जाएं। मुंबई के अलावा पुणे, नागपुर, औरंगाबाद में भी छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं। कुछ जगहों पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा है। अब इस बवाल के बीच बोर्ड ने साफ कर दिया है कि 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी तय समय पर ऑफलाइन ही आयोजित की जाएंगी। 10वीं की परीक्षा 25 फरवरी से जबकि 12वीं की परीक्षा 14 फरवरी से शुरू होगी।
बिग बॉस 13 के कंटेस्टेंट रहे विकास पाठक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ अपने वायरल वीडियो की वजह से चर्चाओं में रहते हैं। बिग बॉस में आने के बाद उन्होंने और भी ज्यादा सुर्खियां बटोरीं थीं। यूट्यूबर बनने से पहले हिंदुस्तानी भाऊ एक पत्रकार थे। हिंदुस्तानी भाऊ मुंबई के एक स्थानीय अखबार में क्राइम रिपोर्टर रह चुके हैं। क्राइम पत्रकारिता के लिए उन्हें साल 2011 में बेस्ट चीफ क्राइम रिपोर्टर का खिताब भी मिल चुका है।
विकास पाठक पर इससे पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। वह मुंबई के दादर शिवाजी पार्क में बच्चों की परीक्षा रद्द करने और स्कूल की फीस माफ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद उन्हें कोरोना नियमों का पालन न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। एक बार फिर से वह मुसीबत में घिर गए हैं।