RG की भारत जोड़ो यात्रा पर विज का तंज, कहा: मां-बेटा भारत को तोड़ना चाहते हैं...बंटवारे में कांग्रेस ने लाखों लोग मरवाए

By  Vinod Kumar October 6th 2022 05:54 PM

चंडीगढ़/अभिषेक तक्षक: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत में बनीं चार कंपनियों की कफ एंड कोल्ड सिरप को लेकर अलर्ट जारी किया है। WHO ने कहा कि ये घटिया चिकित्सा उत्पाद अपने गुणवत्ता मापदंडों को पूरा नहीं करते है। ये अलर्ट गाम्बिया में 66 बच्चों की मौत के बाद जारी हुआ है। WHO ने इन कफ सिरप पर तुरंत रोक लगाने की सलाह दी है। कफ सिरप निर्माण में लगी कंपनी का प्लांट हरियाणा के सोनीपत में भी है।

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस मामले पर कहा, 'हमने इस मामले में तुरंत संज्ञान और निर्णय लेते हुए कंपनी पर कोई कार्रवाई करने से पहले इस दवाई के सैंपल केन्द्रीय ड्रग लेबोरेट्री कलकता में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यदि कुछ गलती पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, 'मैंने सुबह ही अपने ड्रग कंट्रोलर को इस कार्रवाई करने के लिए कहा था और केन्द्र सरकार के अधिकारी भी इसकी पूरी जानकारी ले रहे हैं। केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य सचिव और फार्मास्टियूकल सचिव ने आज सुबह ही राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के सचिव से बातचीत की है और यह निर्णय लिया गया है कि कोई कार्रवाई करने से पहले इसके सैंपल चैक करवाए जाएंगें'।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा स्थित मेडन फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड की ओर से कफ एंड कोल्ड सीरप बनाया जाता है। इसकी सप्लाई अफ्रीकी देश गाम्बिया समेत अन्य देशों में भी की जाती है।

वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज के राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू पर दिए विवादित बयान पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि 'उदित राज का यह बहुत ही शर्मनाक ब्यान है। द्रोपदी मुर्मू चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बनी हैं, लेकिन उदित राज प्रजातांत्रिक व्यवस्था और आदिवासी महिला का अपमान कर रहे हैं। उनको इसके लिए सारे देश से कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए।'

सोनिया गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पर विज ने तंज कसते हुए कहा कि 'पहली बात तो यह है कि यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं भारत तोड़ो यात्रा है। अब मां और बेटा मिलकर तोड़ना चाहते हैं, लेकिन अब भारत टूटने वाला नहीं है। यह नया भारत है, यह वो भारत नहीं जिसका कांग्रेस ने बंटवारा कराते हुए लाखों लोग मरवा दिए और लाखों लोगों को भागना पड़ा था। यह वो भारत नहीं जिसमें कांग्रेस ने सिखों का कत्लेआम करवा दिया। यह नया भारत है और इस भारत को तोड़ने वाला कोई नहीं हैं।'

बॉलीवुड फिल्म आदिपुरुष के संबंध में पूछे गए सवाल के संबंध में गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि 'मैंने तो फिल्म देखी नहीं, लेकिन किसी भी धर्म का किसी भी माध्यम से किसी को अपमान करने का अधिकार नहीं हैं, आप अपने धर्म को मानें, अपनी परंपराओं को मानें, उनको मनाएं, किसी को कोई ऐतराज नहीं हैं, लेकिन अगर कोई किसी धर्म का अपमान करता है तो जनता उसको बर्दाश्त नहीं करेगी।'

आदमपुर के उपचुनाव के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 'दोबारा चुनाव लड़ने के लिए ही तो हमने इस्तीफा देकर सीट खुद खाली की है और हम ये उपचुनाव जीतेगें, नहीं तो हम वैसे भी साथ लेकर चल सकते थे।'

Related Post