जनसभा में पिता प्रेम कुमार धूमल को याद कर अनुराग ठाकुर के निकले आंसू, कार्यकर्ताओं को भी कर दिया भावुक

By  Vinod Kumar October 21st 2022 05:55 PM -- Updated: October 21st 2022 05:58 PM

हमीरपुर: हिमाचल विधानसभा चुनाव (himachal assembly election) के लिए मंच तैयार हो गया है। बीजेपी ने अपने सभी उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। केंद्र से लेकर प्रदेश का नेतृत्व हिमाचल में डेरा डाल चुका है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (anurag thakur) भी कई दिनों से हिमाचल में चुनाव प्रचार में डटे हैं।

शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सुजानपुर में बीजेपी प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए रो पड़े। हालांकि उन्होंने अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनकी आंखें भर आई। पिता प्रेम कुमार धूमल का जिक्र होते ही वो भावुक हो गए।

उन्होंने कहा कि 2017 में विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी प्रेम कुमार धूमल घर पर नहीं बैठे। वह निरंतर काम करते रहे। हमारा परिवार जमीन से उठकर आया है। धूमल साहब ने हिमाचल में बहुत मेहनत की है। इस बात पर अनुराग ठाकुर के आंसू छलक गए। पिता का जिक्र करते हुए मंच पर बोलने की उन्होंने काफी हिम्मत जुटाई।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए बीजेपी प्रत्याशी के लिए जमकर प्रचार करने की अपील की। उन्होंने भावुक होकर कार्यकर्ताओं का उनके परिवार को दिए गए सम्मान व प्रेम का आभार व्यक्त किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि धूमल जैसे नेता मुश्किल से मिलते हैं। उन्होंने पार्टी और प्रदेश के लिए दिन रात मेहनत की।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि छोटे से जिला हमीरपुर से मेरे पिता को मुख्यमंत्री और मुझे केंद्रीय मंत्री बनाया है। उन्होंने कहा कि जिस मंत्रालय में मैं केंद्रीय मंत्री हूं। बता दें कि अनुराग ठाकुर के पिता पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल 2017 में बीजेपी के सीएम उम्मीदवार थे, लेकिन सुजानपुर सीट से वो मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे। 2022 में उनके फिर से सुजानपुर से चुनाव लड़ने की अटकलें थी, लेकिन उन्होंने इस बार चुनाव ना लड़ने का फैसला किया है, इससे उनके समर्थक काफी निराश हैं।

Related Post