आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ा झटका, अगस्त में होने वाली भर्ती हुई स्थगित

By  Arvind Kumar August 3rd 2021 10:25 AM -- Updated: August 3rd 2021 10:26 AM

रोहतक। (अंकुर सैनी) आर्मी भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ा झटका लगा है। सेना मुख्यालय ने अगस्त में होने वाली भर्ती को स्थगित कर दिया है। युवाओं के भविष्य पर फिर एक बार तलवार लटक गई है। लगभग पांच बार पहले भी भर्ती स्थगित हो चुकी है।

सेना मुख्यालय की ओर से एक सूचना पत्र जारी किया गया। लिखा गया कि 20 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होने वाली आर्मी भर्ती स्थगित की जाती है। एक सूचना पत्र रोहतक सेना भर्ती कार्यालय के बाहर भी लगाया गया है। कई युवाओं को यह सूचना पत्र पढ़कर झटका लगा है।

हालांकि, सेना की तरफ से भर्ती स्थगित करने का कोई कारण नहीं बताया गया। भर्ती को सिर्फ अगली तारीख तक स्थगित किया गया है। साथ ही पुराने रजिस्ट्रेशन पर ही भर्ती करने की बात कही है। इससे पहले 2019 के विधानसभा चुनाव के चलते भर्ती को आगे पोस्टपोन किया गया था। जिसके बाद 2020 फरवरी माह में भर्ती आयोजित हुई थी। लेकिन, उसके बाद कोरोना के चलते भर्ती स्थगित हुई।

यह भी पढ़ें- शिल्पा शेट्टी ने राज कुंद्रा मामले में तोड़ी चुप्पी

यह भी पढ़ें- महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल के घर बंटे लड्डू

सेना भर्ती की तैयारी कर रहे ऋषि और अंकित ने बताया कि वें पिछले कई साल से मेहनत कर तैयारी कर रहे थे। लेकिन, हर बार किसी न किसी कारण के चलते भर्ती को रद्द कर स्थगित कर दिया जाता है। रजिस्ट्रेशन भी दोबारा खोल दिए जाते हैं। उनका कहना है कि सैंकड़ों युवा ऐसे भी हैं जिनकी उम्र भी निकल चुकी है।

आर्मी में भर्ती होकर देश की सेवा का सपना महज एक सपना बनकर ही रह गया है। उनका परिवार भी अपने बच्चों की कामयाबी का इंतजार कर रहा है लेकिन हर बार भर्ती स्थगित होकर उनकी आस तोड़ दे रही है। एक वक्त के बाद परिवार भी सेना में जाने के लिए साथ छोड़ देता है। हजारों युवा सेना में भर्ती होने के लिए मेहनत और जुनून से तैयारी कर हैं।

Related Post