भगवंत मान सरकार ने पंजाब के ग्रुप सी और ग्रुप डी के 35 हजार अस्थायी कर्मचारियों को किया पक्का

By  Vinod Kumar March 22nd 2022 03:58 PM -- Updated: March 22nd 2022 04:10 PM

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अस्थायी कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने ऐलान किया कि पंजाब में ग्रुप सी और डी के 35 हजार अस्थायी कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, हमने ग्रुप सी और ग्रुप डी के 35 हजार अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने का फैसला किया है। सीएम ने कहा कि मैंने चीफ सेक्रेटरी से कहा है कि वो ऐसे कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्सिंग के रिक्रूटमेंट्स बंद कर दें। पंजाब में आप को मिली प्रचंड जीत के बाद भगवंत मान ने 16 मार्च को सीएम पद की शपथ ली थी। इसके बाद से वे ताबड़तोड़ फैसले कर रहे हैं। भगवंत मान ने पंजाब में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहली बैठक में सरकारी विभाग में रिक्त 25000 पदों पर भर्तियां निकालने का ऐलान किया था। भगवंत मान के मुताबिक, इन भर्तियों में लिस महकमे के लिए 10 हजार पद शामिल हैं, जबकि 15 हजार अलग-अलग विभाग के लिए होंगे। एक महीने के अंदर खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इससे पहले भगवंत मान ने 23 मार्च यानी शहीद दिवस पर पब्लिक हॉलिडे का ऐलान किया. 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई थी। इतना ही नहीं पंजाब की विधानसभा में शहीद भगत सिंह और बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर भी प्रस्ताव पास किया गया। पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। भगवंत मान ने मिलने के लिए समय मांगा है। प्रदेश के नए सीएम भगवंत मान ने खुद ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद औपचारिक मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री से वक्त मांगा है।

Related Post