राष्ट्रपति चुनाव में सीएम मनोहर लाल ने किया मुर्मु की जीत का दावा, कहा: संख्या से अधिक मिलेंगे वोट

By  Vinod Kumar July 18th 2022 02:38 PM

चंडीगढ़: आज देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान किया जा रहा है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगी। देश की सभी विधानसभाओं और संसद भवन में मतदान चल रहा है। द्रौपदी मुर्मू एनडीए और यशवंत सिन्हा विपक्ष के उम्मीदवार हैं।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूरे देश भर में सभी विधानसभाओं और केंद्रीय स्तर पर मतदान हो रहा है। काफी हद तक वोटिंग हो चुकी है, जब मैंने वोट डाला था जब 48 वोट डल चुके थे। कांग्रेस के लोग 3:00 बजे के बाद वोट डालने आएंगे। देश भर में यूपीए का जो गणित है वह सबको पता है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 21 जुलाई को काउंटिंग होगी तो एनडीए के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जीत दर्ज कर 25 जुलाई राष्ट्रपति के पद के लिए शपथ लेंगी। मैं अपेक्षा करता हूं कि हमारी संख्या से अधिक वोट द्रौपदी मुर्मू को मिलेंगे जिस तरह राज्यसभा में हमारे गिनती से ज्यादा वोट मिले थे।

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारों की घोषणा बहुत सोच समझकर की गई है। अच्छे पढ़े लिखे लोगों को उम्मीदवार बनाया गया। जगदीप धनखड़ उच्च कोटि के वकील रहे हैं, कुछ हरियाणा के मामले भी उनको दिए गए थे, जिनकी उन्होंने अच्छी पैरवी की।

कुलदीप बिश्नोई का वोट एनडीए के उम्मीदवार को देने के पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह राज्यसभा में हमारी गिनती से अधिक वोट मिले थे इस बार भी अपेक्षा है कि हमारी गिनती से अधिक वोट मिलेंगे। इतिहास के अंदर आजादी के बाद एक महिला राष्ट्रपति बनी है यह दूसरी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बनने वाली है।

संगरूर से नवनिर्वाचित सांसद सिमरन जीत सिंह मान ने कुछ दिन पहले हरियाणा पर पंजाब में गैंगस्टर कल्चर को बढ़वा देने का आरोप लगाया था। इसी के साथ उन्होंने भगत सिंह को आतंकी भी कहा था। मान ने मनोहर लाल पर भी टिप्पणी की थी। इस पर सीएम ने कहा कि सिमरनजीत सिंह मान का ये करेक्टर आज का नहीं है वो पहले भी ऐसा ही रहा है। वह अलगावादी सोच को आगे बढ़ाना चाहते हैं। वह पहले भी ऐसे बयान दे चुके हैं।

Related Post