दिग्विजय सिंह लड़ेंगे कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव, राजस्थान के सियासी संकट पर सोनिया गहलोत के बीच चर्चा

By  Vinod Kumar September 29th 2022 02:32 PM -- Updated: September 29th 2022 02:33 PM

कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को रोजाना कोई ना कोई नई उथल पुथल देखने को मिल रही है। अब मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और पार्टी के पूर्व महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

दिग्विजय सिंह कल अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी तारीख 30 सितंबर है। दिग्विजय सिंह से पहले अशोक गहलोत के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की खबरें थी। एक समय में अशोक गहलोत का अध्यक्ष चुना जाना तय था, लेकिन इसके बाद राजस्थान में सियासी संकट खड़ा हो गया। अब गहलोत के चुनाव लड़ने पर संशय बरकरार है। अध्यक्ष बनने के बाद गहलोत को सीएम पद भी छोड़ना पड़ सकता था।

अशोक गहलोत के अलावा शशि थरूर और मनीष तिवारी के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। अब दिग्विजय सिंह के चुनावी मैदान में कूदने के बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प हो गया है। मीडिया से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने का फैसला उनका है। उन्होंने इस विषय पर गांधी परिवार से बात नहीं की है।

एक दिन पहले मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी दिल्ली सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद कमलनाथ के भी चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई थी, लेकिन कमलनाथ ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की खबरों का खंडन किया था। उन्होंने कहा था कि वो मध्य प्रदेश पर अपना ध्यान लगाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है।

वहीं, राजस्थान में सियासी संकट खड़ा हो गया है। राजस्थान के सियासी संकट को लेकर अशोक गहलोत और सोनिया गांधी की मीटिंग दिल्ली में चल रही है। इस मुलाकात के बीच अशोक गहलोत गुट के विधायक गोविंद राम मेघवाल ने खुली धमकी दी है कि अगर गहलोत के अलावा किसी दूसरे को सीएम बनाया गया तो सभी विधायक इस्तीफा दे देंगे। हम चुनाव के लिए तैयार हैं। वहीं, सचिन पायलट के घर पर भी बड़ी हलचल देखी गई है। वो सोनिया गांधी से मुलाकात के लिए दिल्ली निकल चुके हैं।

 

Related Post