अलग विधानसभा भवन बनाने से चंडीगढ़ पर हरियाणा का दावा होगा कमजोर: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

By  Vinod Kumar July 11th 2022 11:51 AM

जींद/परमजीत पंवार: केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने हरियाणा विधानसभा भवन के लिए चंडीगढ़ में जमीन देने का ऐलान किया है। इस ऐलान के लिए प्रदेश सरकार केंद्रीय मंत्री का आभार जता रही है तो वहीं, विपक्ष की राय इसके बिल्कुल विपरीत है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अलग से विधानसभा भवन बनाने से हरियाणा का चंडीगढ़ पर दावा कमजोर होगा। विधानसभा भवन बनाने के लिए जो दस एकड़ जमीन देखी है, वह पिंजौर के साथ लगती है। सरकार को हाईकोर्ट की तर्ज पर विधानसभा का वहीं पर विस्तार करना चाहिए था। अगर पंजाब चंडीगढ़ पर दावा करता है तो पहले वह हिंदी भाषी गांवों को हरियाणा को वापस लौटाए और जो 40 प्रतिशत हिस्सेदारी चंडीगढ़ पर हरियाणा की है, उसका हिसाब करे।

आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह तो पहले ही भाजपा से मिलीभगत किए हुए हैं। भाजपा में जाना आदमपुर के मतदाताओं से धोखा है।

हुड्डा ने कहा कि अगर कुलदीप बिश्नोई ने भाजपा में जाना है तो पहले वहां से इस्तीफा दें और उसके बाद ही भाजपा में जाने का निर्णय लें। उसके बाद उनको पता चल जाएगा कि वह कितने पानी में हैं।

प्रदेश में विधायकों को मिल रही धमकियों पर हुड्डा ने कहा कि हरियाणा बदमाशों की शरणस्थली बन चुका है और प्रदेश की कानून व्यवस्था बिल्कुल ही ठप हो चुकी है।

Related Post