Himachal Assembly Election 2022: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह संभालेंगी चुनाव की कमान, प्रचार के लिए मिला हेलिकॉप्टर

By  Vinod Kumar October 24th 2022 04:06 PM

Himachal Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार जोरों पर चल रहा है। बीजेपी-कांग्रेस के बड़े नेता प्रदेशभर में घूम-घूमकर रैलियां कर रहे हैं। इस बार कांग्रेस की कमान वीरभद्र के पास नहीं हैं। वीरभद्र सिंह का बीते साल देहांत हो गया था। उनके देहावसान के बाद पार्टी में आए शून्य को भरने को कोशिश उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह कर रही हैं। प्रतिभा सिंह कांग्रेस की प्रदेशअध्यक्ष हैं। उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। कांग्रेस हाईकमान ने प्रतिभा सिंह को चुनाव प्रचार के लिए हेलिकॉप्टर दिया है। हेलिकॉप्टर पाने वाली वह हिमाचल की एकमात्र नेता हैं। 25 अक्टूबर को शिमला से सीधे जंजैहली जाएंगी। प्रतिभा सिंह सराज विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी चेतराम के नामांकन में मौजूद रहेंगी। इसके बाद प्रतिभा सिंह 2 बजे चैल चौक जाएंगी और नाचन विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के नॉमिनेशन में भी मौजूद रहेंगी। इसके बाद इसी दिन वो धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र जाएंगी और पार्टी प्रत्याशी चंद्रशेशर के नॉमिनेशन में मौजूद रहेंगी। अगले दिन प्रतिभा सिंह 26 अक्टूबर को किन्नौर के सांगला जाएंगी। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद आनी विधानसभा क्षेत्र जनसभा को संबोधित करने के बाद दोबारा रामपुर जाएंगी। वहीं, कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट शनिवार को जारी कर दी है। इस लिस्ट में अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 40 नेता हिमाचल में चुनावी सभाएं करते नजर आएंगे। मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरीश रावत, प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सुखु, रणदीप सिंह सुरजेवाला, विप्लव ठाकुर, सचिन पायलट, राज बब्बर, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पवन खेड़ा, कर्नल धनीराम शांडिल, प्रताप सिंह बाजवा, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सुप्रिया श्रीनेत, आशा कुमारी, संजय दत्त, तजिंदर पाल सिंह बिट्टू, गुरकीरत सिंह कोटली, कौल सिंह ठाकुर, राम लाल ठाकुर, राजेंद्र राणा, विक्रमादित्य सिंह, चंदर कुमार, श्रीनिवास बी वी, विनय कुमार, डीवीएस राणा, अमरिंदर सिंह बराड़, अलका लांबा, राजेश लिलोठिया और आचार्य प्रमोद कृष्णम के नाम शामिल हैं। प्रियंका गांधी आठ रैलियों को संबोधित करेंगी। 31 अक्तूबर से वह प्रचार की शुरुआत करेंगी। प्रचार के दौरान वह रोड शो और जनसभाएं भी करेंगी। 31 अक्तूबर को प्रियंका गांधी मंडी और कुल्लू जिला का दौरा कर सकतीं हैं। 3 नवंबर को कांगड़ा और चंबा में वह चुनाव प्रचार के लिए जाएंगी। सूत्रों ने बताया है कि 7 नवंबर को प्रियंका गांधी हमीरपुर और ऊना में भी रैली करेंगी। चुनाव प्रचार के आखिरी चरणों में प्रियंका गांधी शिमला और सिरमौर का भी दौरा करेंगी। सूत्रों ने दावा किया है कि भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी भी चुनाव प्रचार कर सकते हैं। राहुल गांधी के एक रैली में शामिल होने की उम्मीद है।

Related Post