बीजेपी सरकार के खिलाफ लोगों में रोष, कांग्रेस को सत्ता में लाना चाहती है जनता: प्रतिभा सिंह

By  Vinod Kumar June 9th 2022 04:38 PM

कांगड़ा/पंकज: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने मां ज्वालामुखी के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि पूर्वक पूजा अर्चना करने के बाद मां का आशीर्वाद प्राप्त किया उसके बाद पत्रकारों के साथ बातचीत की।

पत्रकारों के साथ बतचीत के दौरान सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बहुचर्चित पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग को कांग्रेस के दबाव में सरकार ने स्वीकार तो कर लिया है, लेकिन शीघ्र ही इसमें दोषी पाए जाने वाले लोग जब तक बेनकाब नहीं हो जाते तब तक कांग्रेस सरकार पर और सीबीआई पर अपना पूरा दबाव बनाए रखेगी।

उन्होंने कहा कि बीजेपी मिशन रिपीट की बात कर रही है, लेकिन उनके कहने से कुछ नहीं होता जनता में इस सरकार के खिलाफ काफी रोष देखा जा रहा हैl प्रदेश की जनता हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को दोबारा सत्ता में लाना चाहती है। उन्होंने कहा कि वो पूरे हिमाचल प्रदेश का दौरा कर रहे हैं और उन्हें बहुत अच्छा रिस्पॉन्स जनता का मिल रहा है। निश्चित तौर पर कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाएगी और हिमाचल प्रदेश को भाजपा के कुशासन भ्रष्टाचार से मुक्त करवाएगी।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिमला के नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। भाजपा चुनावों को टालने में अपनी भलाई समझ रही है। पार्टी चिन्ह पर चुनाव करवाने की उन्होंने चुनौती बीजेपी को दी है। शिमला नगर निगम में भारी बहुमत से कांग्रेस जीतेगी और आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में मजबूत सरकार बनाएगी।

इस मौके पर उनके साथ शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह, ज्वालामुखी के पूर्व विधायक संजय रतन, पूर्व विधायक योगराज, कामगार कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया, नगर परिषद ज्वालामुखी के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा और प्रदेश जिला व मंडल स्तर के कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थेl

Related Post