देहरा में भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन, सुख्खू के खिलाफ जमके बरसे भाजपा नेता, भिड़े कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता,

हिमाचल प्रदेश में भाजपा की चल रही आक्रोश रैली के क्रम में शुक्रवार को देहरा जिला के तीन विधान सभा के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में इकठ्ठा होकर राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं कांगेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं को काले झंडे दिखाए।

By  Jainendra Jigyasu March 10th 2023 06:02 PM

 हिमाचल प्रदेश में भाजपा की चल रही आक्रोश रैली के क्रम में शुक्रवार को देहरा जिला के तीन विधान सभा के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में इकठ्ठा होकर राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं कांगेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं को काले झंडे दिखाए। 

भाजपा कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे ट्रेड फेयर मैदान के पास इकट्ठा हो कर तहसील चौक होते हुए एसडीएम कार्यालय परिसर में पहुंचे। राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना ने  भाजपा की पूर्व सरकार के समय खोले गए संस्थानों को बंद करने पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जनता को सुख देने की बजाय दुख दे रहे हैं। जयराम सरकार ने जरूरत के हिसाब से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कई जरूरी संस्थान खोले थे, लेकिन सरकार ने सत्ता संभालते ही सब कुछ बंद कर दिया। इस वजह से जनता में रोष है। पूर्व मंत्री रविंदर रवि ने कहा कि जब जब प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई है, लोगों का जीना मुशकिल हो गया है। 

 विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना के साथ ही ज्वालामुखी के पूर्व विधायक रमेश धवाला,देहरा के पूर्व विधायक रविंदर सिंह रवि और जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। जसवां परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जनता की सुविधा को देखते हुए रक्कड़ और कोटला बेहड़ में एसडीएम कार्यालय खुलवाए थे। साथ ही डाडासीबा में भी बीडीओ कार्यालय दिया था। लेकिन प्रदेश में सत्ता संभालते ही कांग्रेस ने इन्हें बंद करवाकर अपना जन विरोधी चेहरा दिखा दिया है।

जिस वक्त भाजपा की रैली  देहरा के मुख्य बाजार से गुजर रही थी तभी कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने  काले कपड़े हाथ में लेकर 'बिक्रम ठाकुर गो बैक' के नारे लगाना शुरू कर दिया। उनके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने "सुख्खू के चमचे हाय हाय" का नारा लगाना शुरू कर दिया। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि  बिक्रम ठाकुर मंत्री कभी देहरा नहीं आए और न ही यहां के लिए कुछ किया। वहीं बिक्रम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की इस रैली से लोगों का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस के कुछ लोग उनका विरोध करने आए थे। 


Related Post