हिमाचल में चुनाव प्रचार करने पहुंचे सीएम मनोहर लाल, नाहन में जनसभा को किया संबोधित

By  Vinod Kumar October 30th 2022 03:08 PM

नाहन/पिंटू ठाकुर: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव (himachal assembly election2022) प्रचार जोरों पर चल रहा है। बीजेपी-कांग्रेस के बड़े नेता प्रदेशभर में घूम-घूमकर रैलियां कर रहे हैं। जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं भाजपा कांग्रेस की सियासत भी वैसे ही बढ़ने लगी है। बीजेपी कांग्रेस दोनों ही पार्टियां जीत के दावे कर रही हैं।

बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री समेत फायर ब्रांड नेता प्रचार पर पहुंच रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार का दौर चरम पर पहुंच गया है। यहां प्रदेश में आज भाजपा पूरे प्रदेश में एक साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्टार प्रचारकों द्वारा रैली का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में आज नाहन विधानसभा क्षेत्र के धौलाकुंआ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे।

मनोहर लाल ने कहा कि जनता से स्थानीय विधायक डॉ. बिंदल के पक्ष में वोट डालने की अपील की। इस मौके पर खट्टर ने दर्जनभर लोग जो कांग्रेस छोड़कर आए है उन्हें भाजपा की सदस्यता भी दिलवाई। जनता को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हिमाचल में आज पूरे प्रदेश में बीजेपी के लिए 68 विधानसभा क्षेत्रों में स्टार प्रचारकों ने चुनाव प्रचार का आगाज किया है। 

सीएम मनोहर लाल ने कहा की डॉ बिंदल छठवीं बार नाहन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं और इन्हें भारी मतों से जितवाना ही अब हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। नाहन क्षेत्र और हरियाणा का पुराना सम्बंध है। इसके लिए हम एक दूसरे के साथ हमेशा सहयोग के लिए तैयार रहते है। इस मौके पर खट्टर ने कांग्रेस पर जातिगत राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

 

Related Post