हिमाचल में सीएम की कुर्सी के लिए कांग्रेस में 'घमासान', कांग्रेस ने पेश किया सरकार बनाने का दावा

By  Vinod Kumar December 9th 2022 04:51 PM

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर कांग्रेस में जंग चुनावी नतीजों से पहले ही शुरू हो गई थी। सीएम की कुर्सी का फैसला करने के लिए तीन ऑब्जर्बर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भूपेश बघेल, राजीव शुक्ला को नियुक्त किया है। ऑब्जर्बर आज कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक के बाद रिपोर्ट प्रियंका गांधी को भेजेंगे इसके बाद सीएम की कुर्सी को लेकर फैसला लिया जाएगा।

शिमला पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की गाड़ी का रास्ता प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने रोक दिया और उनके सामने जमकर नारेबाजी की है। समर्थक प्रतिभा सिंह को सीएम बनाने की मांग कर रहे थे। सीएम पद पर चर्चा के लिए आज कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में दोपहर बाद बैठक होने थी, लेकिन कई विधायकों के लापता होने के बाद बैठक को शाम छह बजे तक के लिए टाल दिया है। बताया जा रहा है कि सुक्खू अपने 18 समर्थक विधायकों के साथ लापता हो गए हैं। सुक्खू भी मुख्यमंत्री बनने का दावा कर चुके हैं। उन्हें प्रतिभा सिंह का धुर विरोधी भी माना जाता है।

फिलहाल सब विधायकों के इकट्‌ठे होने का इंतजार किया जा रहा है। इनके आते ही CM के चेहरे और सरकार बनाने को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके बाद पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट दी जाएगी। इससे पहले कांग्रेस ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं ऑब्जर्वर भूपेश बघेल और व भूपेंद्र हुड्‌डा ने राज्यपाल के पास सरकार बनाने का प्रस्ताव रखा है। 


Related Post