गुजरात में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान, दो चरणों में होगा मतदान...हिमाचल के साथ आएंगे नतीजे

By  Vinod Kumar November 3rd 2022 12:42 PM -- Updated: November 3rd 2022 12:53 PM

Gujarat Assembly Election 2022 Dates: गुजरात में विधानसभा चुनावों का बिगुल बज गया है। चुनाव आयोग ने आज गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। गुजरात में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को दो चरणों में मतदान होगा। चुनाव के नतीजे हिमाचल के साथ 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया, 'मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में तीन लाख 24 हजार 422 नए मतदाता इस बार पहली बार वोटिंग करेंगे। गुजरात में कुल मतदान केंद्र की संख्या 51,782 है। 50 फीसदी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी।'

चुनाव आयोग के मुताबिक, 142 मॉडल पोलिंग स्टेशन, 1274 पोलिंग स्टेशन को केवल महिलाओं की तैनाती होगी। इस बार 33 पोलिंग स्टेशन युवा पोलिंग टीम संचालित करेगी। ये युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करेगा। इस बार शिपिंग कंटेनर को भी पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। पहली बार शिपिंग कन्टेनर भी पोलिंग स्टेशन के रूप में काम करेगा।

पहले चरण के मतदान में 89 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, दूसरे चरण की वोटिंग में 93 सीटों पर मतदान होगा। गुजरात में वर्तमान में चार करोड़ 90 लाख से अधिक मतदाता हैं। हर बूथ पर औसतन 948 मतदाता है। राज्य में 10,460 मतदाता 100 साल से ज्यादा उम्र के हैं। वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केन्द्र पर सभी इंतजाम होंगे।

चुनाव आयोग ने बताया कि सभी उम्मीदवार की जानकारी केवाईसी सिस्टम में मिलेगी, कोरोना पीड़ितों के लिए घर से मतदान की सुविधा मिलेगी। किसी भी शिकायत पर एक घंटे के अंदर निर्वाचन आयोग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी जिलाधिकारियों को एक सोशल मीडिया टीम बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

गुजरात विधानसभा में कुल 182 विधानसभा क्षेत्र हैं। बहुमत के लिए 92 सीटों की जरूरत होती है। गुजरात में 2017 का चुनाव दो चरणों में कराया गया था। इस चुनाव में बीजेपी ने कुल 99 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कंग्रेस के खाते में 77 सीटें गई थीं। अन्य पार्टियों और निर्दलियों ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी।


Related Post