प्रदेश भर में सफाई कर्मचारी कर रहे भूख हड़ताल, सरकार को दी चेतावनी!

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले पूरे प्रदेश में सफाई कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. मंगलवार को कर्मचारियों की भूख हड़ताल का दूसरा दिन है.

By  Shagun Kochhar March 28th 2023 03:05 PM

रोहतक: नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले पूरे प्रदेश में सफाई कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. मंगलवार को कर्मचारियों की भूख हड़ताल का दूसरा दिन है. धरने और भूख हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने कहा कि लगातार सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार से समझौता हो चुका है और नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भी सरकार उसे लागू नहीं कर रही है, जिसके चलते प्रदेश कार्यकारिणी ने 4 अप्रैल तक हड़ताल करने का फैसला लिया है. 

नगर पालिका कर्मचारी हरियाणा के जिला प्रधान संजय ने बताया कि हरियाणा के तमाम सफाई कर्मचारी और अग्निशमन के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं. उन्होंने कहा कि ये हड़ताल 4 अप्रैल तक जारी रहेगी. उन्होंने बताया कि बीते दिनों 11 दिन की लगातार हड़ताल के बाद सरकार से मांगों को लेकर समझौता वार्ता हुई थी और सरकार ने मांगों को लेकर एक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया था, लेकिन वो नोटिफिकेशन आज तक लागू नहीं किया गया है. जिसके रोष स्वरूप प्रदेश भर के सफाई कर्मचारी और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी  एक बार फिर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं. उन्होंने कहा कि उनका सरकार से आग्रह है कि उनकी लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए.

क्या हैं लंबित मांगें?

प्रधान संजय ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारी प्रमुख है कि मांग कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, ठेका प्रथा खत्म की जाए, ठेके पर कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों को पेरोल पर किया जाए और इसके अलावा अन्य मांगे हैं. 

सरकार को चेतावनी

यही नहीं हड़ताल पर बैठ कर्मचारियों की तरफ से सरकार को चेतावनी दी गई है कि अगर सरकार ने हमारी मांगों को लेकर बातचीत के लिए नहीं बुलाया तो ये भूख हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए की जाएगी. अब देखने वाली बात होगी की सरकार इस पर क्या संज्ञान लेती है.


Related Post