जजपा की स्थापना दिवस रैली में गूंजा नारा, '2024 मिशन...सीएम दुष्यंत'

By  Vinod Kumar December 9th 2022 03:13 PM -- Updated: December 9th 2022 05:32 PM

भिवानी: जननायक जनता पार्टी (JJP) आज अपना 5वां स्थापना दिवस भिवानी में सेक्टर-13 के मेला ग्राउंड में मना रही है। जजपा की स्थापना दिवस की रैली में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। रैली स्थल को हरे और पीले रंग से सजाया गया है। 

रैली में '2024 मिशन...सीएम दुष्यंत' नारा गूंजता हुआ सुनाई दिया। हरियाणा में इस समय बीजेपी-जजपा के साथ गठबंधन में मिलकर सरकार चला रही है। रैली में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने मंच पर पहुंचने से पहले हेलिकॉप्टर से रैली स्थल का एक चक्कर लगाया। ये रैली जजपा के लिए 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी पार्टी घोषणा पत्र में 5100 रूपये पेंशन दिए जाने की बात उन्होंने कही थी। 5100 रूपये पेंशन दिए जाने का सवाल भी जगह-जगह उठता है। उन्होंने कहा कि पेंशन बढ़वाकर छोड़ेंगे और बुजुर्गो से किया वायदा आने वाले समय में पूरा करेंगे। 

उप मुख्यमंत्री आज हरियाणा प्रदेश में जरूरतमंदों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रूपये तक का ईलाज नि:शुल्क दिया जा रहा है। हरियाणा देश में पहला ऐसा राज्य है, जिसमें बीपीएल परिवारों की आय सीमा एक लाख 20 हजार से बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रूपये की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पदमा योजना, स्टार्टअप योजना, ई-व्हीकल जैसी योजनाओं से प्रदेश के लोगों की प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में किसानों को उनकी फसल के पूरे दाम दिए जा रहे है। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश की एक्साईज नीति के तहत अनेक शराब घोटालों को पकडक़र  राज्य का रेवेन्यु बढ़ाने का किया है। उपमुख्यमंत्री ने जजपा कार्यकर्ताओं से जनसभा के दौरान आह्वान किया कि वो हर बूथ पर एक सखी बनाने का कार्य करें, जो घर-घर जाकर पार्टी का प्रचार करें। आज पंचायती राज के तहत 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को मिला है, जिसके कारण 50 प्रतिशत माताएं-बहने चुनकर पंचायतों का प्रतिनिधित्व करने के लिए आगे आई हैं।  

रैली में जजपा के राष्ट्रीय संयोजक अजय चौटाला, विधायक नैना चौटाला, महासचिव दिग्विजय चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, मंत्री देवेंद्र बबली, अनूप धानक रैली में मौजूद रहे।


Related Post