बस ड्राइवर का बेटा बनेगा हिमाचल का सीएम, NSUI प्रदेश अध्यक्ष के बाद शिमला MC में बने थे पार्षद

By  Vinod Kumar December 10th 2022 06:39 PM -- Updated: December 10th 2022 10:26 PM

 शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए  सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को विधानसभा परिसर शिमला में बाद कांग्रेस  पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने उनके नाम का ऐलान किया। इसके अलावा मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाए जानें की घोषणा की है।  

यशवंत सिंह परमार हिमाचल के पहले सीएम थे। इसके बाद रामलाल ठाकुर, शांता कुमार वीरभद्र सिंह, प्रेम कुमार धूमल, जयराम ठाकुर हिमाचल के सीएम रह चुके हैं। अब सुक्खू हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे। कल हिमाचल में सुखविंद्र सिंह सुक्खू हिमाचल के सीएम पद की शपथ लेंगे।

हमीरपुर जिले की नादौन तहसील के सेरा गांव में 26 मार्च 1964 को सुखविंद्र सिंह सुक्खू का जन्म हुआ था। सुक्खू के पिता रसील सिंह हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला में चालक थे। सुक्खू ने हिमाचल विश्विद्यालय से लॉ की पढ़ाई के दौरान एनएसयूआई से छात्र राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद सुक्खू ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

1988 से 1995 तक एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 1995 में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने। इसके बाद सुक्खू दो बार शिमला नगर निगम में पार्षद भी चुने गए थे। वह 2013 में हिमाचल कांग्रेस के प्रमुख के पद तक पहुंचे और 2019 तक राज्य इकाई के प्रमुख बने रहे। 2003, 2007 और 2017 में नादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे।  2022 में चुनाव जीतकर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

सीएम के लिए प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री और सुक्खू रेस में थे। अपने अपने नेताओं को सीएम बनाने के लिए शिमला में जोरदार शक्ति प्रदर्शन हुआ था। इसके बाद दो दिन की बैठकों के दौर के बाद सुक्खू ने बाजी मारी। अधिकतर विधायकों का समर्थन उनके साथ था। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को 40 सीटें मिली हैं।

Related Post