भारत जोड़ो यात्रा: दिल्ली पहुंचते ही पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी, कहा: आपकी नफरत को हमारा प्यार काटेगा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश कर गई। भारत जोड़ो यात्रा ने आज बदरपुर बॉर्डर से सुबह दिल्ली में प्रवेश किया। दिल्ली में इस यात्रा में प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी, रॉबर्ट वाड्रा भी शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा आज शाम करीब 4.30 बजे लाल किले पर जाएगी। इसके बाद 9 दिन का ब्रेक लिया जाएगा और 3 जनवरी से ये यात्रा फिर शुरू होगी।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश कर गई। भारत जोड़ो यात्रा ने आज बदरपुर बॉर्डर से सुबह दिल्ली में प्रवेश किया। सुबह 6 बजे बॉर्डर से यात्रा शुरू हुई। राहुल गांधी एक घंटा 40 मिनट में साढ़े आठ किलोमीटर चले। इसके बाद न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में कुछ देर आराम के लिए रुके।
दिल्ली में इस यात्रा में प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी, रॉबर्ट वाड्रा भी शामिल हुए। एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए अपोलो अस्पताल के पास भारत जोड़ो यात्रा कुछ क्षण के लिए रूकी। सरिता विहार मेट्रो के पास राहुल गांधी ने अपने समर्थकों को टॉफियां भी दीं।
वहीं, राजधानी दिल्ली में प्रवेश से पहले राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा के लिए ये ऐतिहासिक पल है। इस पूरी यात्रा के दौरान हमने लोगों की पीड़ा देखी है और उनकी आकांक्षाओं को सुना है। मिस्टर प्राइम मिनिस्टर, आप इस आवाज को जरूर सुनें। यह आपके अहंकार को चकनाचूर कर देगा और नफरत की उस आग को बुझा देगा, जिसे आपने 8 साल से अधिक समय तक पाला है। आपकी नफरत को हमारा प्यार काटेगा।
वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि जिनकी यात्रा नफरत के बीज बोने वाली हो वो मोहब्बत की दुकान कैसे खोल सकते हैं? पूरी दुनिया में कोरोना केस बढ़ रहे हैं और इनको सिर्फ अपने परिवार से मतलब है। सरकार ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए हैं, तो कांग्रेस इसका विरोध क्यों कर रही है? प्रोटोकॉल सबके लिए होते हैं।
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा आज शाम करीब 4.30 बजे लाल किले पर जाएगी। इसके बाद 9 दिन का ब्रेक लिया जाएगा और 3 जनवरी से ये यात्रा फिर शुरू होगी। भारत जोड़ो यात्रा 3,000 किलोमीटर की सफर तय कर चुकी है और जनवरी के अंत में जम्मू और कश्मीर में समाप्त होने से पहले कुल 3,570 किलोमीटर की यात्रा करते हुए 12 राज्यों में जाएगी।