केजरीवाल से दिल्ली नहीं संभलती, तो दिल्ली हरियाणा को दे दे हम उसे भी संभाल लेंगे: मनोहर लाल

By  Arvind Kumar July 14th 2021 10:15 AM

चंडीगढ़। दिल्ली और हरियाणा के बीच चल रहे पानी के विवाद के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को विज्ञापन का शौक है और उच्चतम न्यायालय ने जितनी मात्रा निर्धारित कर रखी है उतना पानी हरियाणा दिल्ली को दे रहा है। पानी की आवश्यकता तो हरियाणा की भी दिल्ली से कम नहीं है। मुख्य रूप से जहां हरियाणा की 2 करोड़ 90 लाख आबादी है वहीं दिल्ली की आबादी 2 करोड़ है। इस लिहाज से हमें उनसे डेढ़ गुना ज्यादा पानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यमुना से हमें 2 हजार कयूसिक पानी मिलता है जिसमें से 1 हजार 50 क्यूसेक पानी दिल्ली को दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में जल प्रबंधन की कुव्यवस्था के चलते दिल्लीवासियों को पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए झूठी राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। चाहे कोरोना में ऑक्सीजन की जरूरत का मामला हो या प्रदूषण का, हर मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री हमारे सिर भंडा फोड़ देते हैं, जबकि सब मुद्दा इन्होंने अपने आप बनाया हुआ है। अगर उनसे दिल्ली नहीं संभल रही तो हमे दे दो, हम संभाल लेंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्मरण करवाया कि किस प्रकार दिल्ली सरकार ने कोरोना की दूसरी लहर के समय जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन लेकर उसका अनावश्यक रूप से भंडारण किया । उन्होंने कहा कि हमारे यहां केस ज्यादा थे और दिल्ली से भी मरीज ईलाज के लिए हमारे यहां आ रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जहाँ दो करोड़ 90 लाख की आबादी पर 282 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई वहीं दिल्ली सरकार अपनी मात्र दो करोड़ की आबादी के लिए सुप्रीम कोर्ट से 700 मीट्रिक टन की आपूर्ति का निर्णय ले आई। कम ऑक्सीजन मिलने के बावजूद भी हमने अपने कुशल प्रबंधन से जरूरतमंदो तक ऑक्सीजन पहुंचाई।

Related Post