फतेहाबाद में मंच पर दिखी विपक्ष की ताकत! सुखबीर बादल बोले INLD-SAD सगे भाई

By  Vinod Kumar September 25th 2022 05:02 PM -- Updated: September 25th 2022 05:51 PM

फतेहाबाद/अभिषेक तक्षक: हरियाणा के फतेहाबाद में आज चैधरी देवीलाल की जयंती के मौके पर इंडियन नेशनल लोकदल की बड़ी रैली का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में देशभर की अलग-अलग सियासी हस्तियों ने हिस्सा लिया। इनेलो सुप्रीमो ओपी चैटाला और विधायक अभय चैटाला के अलावा इस कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व सीएम और अकाली प्रधान सरदार सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे।

इसके साथ ही बिहार के सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, एनसीपी नेता शरद पवार, केसी त्यागी, सीताराम येचुरी, शिवसेना नेता अरविंद सावंत और अन्य नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर तमाम नेताओं ने चौधरी देवीलाल को श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान अभय चैटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल किसानों के मसीहा थे और किसान मजदूर वर्ग के लिए उन्होंने जो किया वो कभी भुलाया नहीं जा सकता।


वहीं, पंजाब के पूर्व सीएम सुखबीर सिंह बादल ने भी इस दौरान चौधरी देवीलाल को नमन किया और साथ ही तीसरे मोर्चे के सभी साथियों से एक साथ आगे आने की अपील की। आजादी के बाद ताऊ देवीलाल, प्रकाश सिंह बादल, चौधरी चरण सिंह और शरद पवार सबसे बड़े किसान नेता हुए। आज बुढ़ापा पेंशन, गांवों में मंडियां इनेलो की देन है। पंजाब में जो मंडियों में फसलों की खरीद हो रही है और जो सुविधाएं हैं वह सब शिरोमणी अकाली दल की देन है।



सुखबीर बादल ने कहा कि चौधरी देवीलाल को सच्ची श्रधांजलि यही है कि हम सब इकट्ठा हो जाएं। इनेलो और शिरोमणि अकाली दल दो सगे भाई हैं, दोनों ने मिलकर संघर्ष किया है। किसान संघर्ष खत्म होने के बाद सारे वादे भूल गए, यहां आए नेता जमीन से जुड़े हैं। हम सभी को इकट्ठा होने की जरूरत है। बिहार और पंजाब का गहरा रिश्ता है। बिहार दशेमश पिता की जन्मस्थली है। पूरा सिख पंथ साढ़े तीन सौ साला समागम में सेवा के लिए बिहार का एहसानमंद है।



सुखबीर बादल ने कहा कि एनडीए उस समय बना जब बीजेपी के दो सांसद होते थे, लेकिन असली एनडीए यहां बैठा है, शिव सेना, जेडीयू, अकाली दल और इनेलो यहां बैठी हैं। यही एनडीए था, सब इकट्ठे होंगे तो सत्ता में आएंगे। एक मौका मांगने वालों यहां घुसने मत देना। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बुरा हाल कर दिया है।


तेजस्वी यादव ने कहा कि आज हम सत्ता में हैं तो इसमें चौधरी देवीलाल का भी बड़ा योगदान है, देश के हालात इतने खराब हैं, हरियाणा और पंजाब के किसानों ने आंदोलन करके सबक सिखाया है। हरियाणा में अंग्रेजी वाला मैथ पढ़ाएगा और मैथ वाला अंग्रेजी तो ये गरीबों से कलम किताब छीनने की साजिश है। बिहार में लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीतना भाजपा के लिए संभव नहीं होगा, अब सबको इक्ट्ठा होना होगा।



बिहार के सीएम नीतिश कुमार ने कहा कि सब एकजुट हो जाएंगे तो इनका राज नहीं रहेगा, मीडिया से लेकर एक एक चीज पर नियंत्रण किया जा रहा है। देश में एक गठबंधन बनेगा, सब मिल कर जीतेंगे। सब मिलकर एकजुट होकर आगे बढ़ें, तो देश को नष्ट करने वालो की हार होगी, यहां बैठे सभी नेताओ से हमारी बात हो रही है। हमने कांग्रेस पार्टी से भी अनुरोध किया है।

Related Post