कैसे पूरा होगा मिशन रिपीट, कांगड़ा में नड्डा के पोस्टरों में 'अपनों' ने ही कर दिए छेद!

By  Vinod Kumar April 22nd 2022 03:56 PM

हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव हैं। सभी पार्टियों ने इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीजेपी पर इस बार फिर से सरकार रिपीट करवाने का दबाव है। इसी के चलते नड्डा एकदम प्रदेश में एक्टिव हो गए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल से ही संबंध रखते हैं। ऐसे में उनके लिए ये प्रतिष्ठा का भी सवाल है।

9 अप्रैल को नड्डा हिमाचल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शिमला, बिलासपुर का दौरा किया था। इसके बाद केजरीवाल ने मंडी में रैली करके अपनी ताकत दिखाई थी। बदले में आज नड्डा 15 विधानसभा सीटों वाले जिले कांगड़ा में पहुंचे हैं। यहां बीजेपी अपना शक्ति प्रदर्शन दिखाना चाहती हैं, लेकिन उनके आने से एक रात पहले उनके पोस्टर फाड़ दिए गए। माना जा रहा है कि धूमल समर्थकों ने पोस्टर में धूमल का फोटो ना होने पर ये फोटो फाड़े हैं।

JP Nadda, posters,nadda road show, Kangra, himachal election

हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है कि पोस्टर किसने फाड़े हैं, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं की एकजुटता का दावा करने वाली बीजेपी की पोल खुल गई है। इस पोस्टर कांड के बाद साफ हो गया है कि बीजेपी में अंदर गांठें उलझी हुई हैं। ऐसे में बीजेपी का नारा ' तय भाजपा...जय भाजपा' कैसे साकार होगा।

BJP, bjp president, JP nadda, himachal, himachal news

वहीं, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गांधी ग्राउंड में अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधा। नड्‌डा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही हिमाचल का हक छीना है। 1987 में राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, उस समय हिमाचल से स्पेशल कैटेगरी वापस लेकर हिमाचल के लोगों के हक पर कुठाराघात किया। उन्होंने कहा कि यूपी, उत्तराखंड में जिस प्रकार भाजपा की सरकारें बनी हैं, अब उसी तरह जनता-जनार्धन के आशीर्वाद से हिमाचल और गुजरात में भी पार्टी की सरकारें बनेंगी।

JP Nadda, posters,nadda road show, Kangra, himachal election

वहीं, नड्डा का रोड शो कांगड़ा के नगरोटा बगवां से  शुरू हो गया। रोड शो के साथ ही उन्होंने चुनावी शंखनाद कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। जेपी नड्डा का 15 दिन के भीतर यह दूसरा हिमाचल दौरा है। नड्डा ने गांधी ग्राउंड में एक जनसभा को भी संबोधित किया। इससे पहले धर्मशाला पहुंचने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने नड्‌डा का बुके देकर स्वागत किया।

Related Post