केजरीवाल-भगवंत मान की कुल्लू में तिरंगा यात्रा, कहा: अच्छे स्कूल, अस्पताल चाहिए तो हमें वोट दें

By  Vinod Kumar June 25th 2022 05:42 PM

हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में धीरे धीरे सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है। हिमाचल में इस बार आम आदमी पार्टी ने भी चुनावों में उतरने के लिए कमर कस ली है। मंडी, कांगड़ा के बाद आज कुल्लू में सीएम भगवंत मान और केजरीवाल कुल्लू में आम आदमी पार्टी की तिरंगा यात्रा शामिल हुए।

आप की तिरंगा यात्रा कॉलेज गेट से शुरू हुई और ढालपुर चौक होते हुए कॉलेज पहुंची। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने ट्रक में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। भगवंत मान और केजरीवाल का कुल्लू पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर स्वागत किया।

तिरंगा यात्रा के बाद केजरीवाल ने अपने संबोधन में बीजेपी कांग्रेस को निशाने पर लिया। केजरीवाल ने कहा कि जब इस देश का एक-एक बच्चा शिक्षित होगा और देश से गरीबी दूर होगी। उन्होंने कहा कि हमें राजनीति नहीं आती, हम राजनीति करने नहीं आए हैं। हमने दिल्ली में सरकारी स्कूलों में शानदार व्यवस्था की हैं। प्राइवेट स्कूलों के बच्चे अब सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि जनता को अगर हिमाचल में इस तरह की सुविधाएं चाहिए तो इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार प्रदेश में बनाएं और उन्हें एक मौका दिया जाए।वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पहली बार पंजाब में उनकी सरकार बनी है। केवल 100 दिनों में हमने ऐसे फैसले लिए हैं, जो दूसरी सरकारें पिछले 75 सालों में नहीं ले पाई हैं। इसके लिए इच्छा शक्ति और ईमानदार सरकार का होना जरूरी है।

भगवंत मान ने कहा कि हम यहां वोट की बात करने नहीं आए, हम घर के चूल्हे की बात करने आए हैं। रोजगार, अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं और अच्छी शिक्षा पर बात करने आए हैं।

Related Post