प्रियंका गांधी प्रयागराज में गोहरी हत्याकांड के पीड़ितों से करेंगी मुलाकात, एक ही परिवार के 4 लोगों की हुई थी हत्या

By  Vinod Kumar November 26th 2021 11:42 AM

नेशनल डेस्क: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज प्रयागराज आएंगी। प्रियंका गांधी सोरांव विधानसभा के गोहरी गांव में मजदूरी करने वाले दलित परिवार से मिलेंगी। गांव में मजदूरी करने वाले फूलचंद पासी, उनकी पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या कर दी गई थी। प्रियंका गांधी पीड़ित परिवार के साथ मिलकर उनका दुख साझा करेंगी। हत्या का आरोप गांव के ही दबंग गुंडों पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, मोहनगंज फुलवरिया गोहरी गांव निवासी फूलचंद (50) मजदूरी करता था। बुधवार रात वह घर में पत्नी मीनू देवी (45), 17 साल की बेटी सपना और 10 साल के बेटे शिव के साथ सो रहा था। इसी दौरान देर रात कुछ हमलावर घर में घुस आए और चारों की धारदार हथियार से हत्या कर मौत के घाट उतार दिया था। सुबह पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो चारों के शव खून से लथपथ पड़े थे। एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या होने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर फोरेंसिंक टीम को भी बुलाकर छानबीन की गई। मृतक फूलचंद के भाई कृष्ण चंद्र ने गांव के दबंग ठाकुर परिवार पर हत्या का शक जताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Post