हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में शामिल हुए राहुल, कहा- सरकार लोगों के हित में करेगी काम

By  Arvind Kumar December 29th 2019 05:19 PM

रांची। कांग्रेस नेता राहुल गांधी रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री के पद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने भरोसा जताया कि झारखंड की नई सरकार सभी नागरिकों के हित में और राज्य की समृद्धि एवं शांति के लिए काम करेगी। समारोह में भाग लेने के बाद उन्होंने ट्वीट कर कहा, “ मैंने आज रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के और कांग्रेस के मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। मुझे पूरा भरोसा है कि झारखंड की नयी सरकार सभी नागरिकों के हितों में काम करेगी और राज्य में शांति एवं समृद्धि का युग लेकर आएगी।” यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन बने झारखंड के मुख्यमंत्री, राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु ने दिलाई शपथ बता दें कि हेमंत सोरेन ने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ ली। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ ही कांग्रेस की तरफ से विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने मंत्री पद की शपथ ली। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने भी मंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। ---PTC News---

Related Post