Municipal Corporation Chandigarh election: बसपा के साथ मिलकर चंडीगढ़ का नगर निगम चुनाव लड़ेगा अकाली दल

By  Vinod Kumar November 27th 2021 02:26 PM

चंडीगढ़: अकाली दल बसपा के साथ चंडीगढ़ नगर निगम (Municipal Corporation Chandigarh election) चुनाव में कूदेगा। शिरोमणि अकाली दल चंडीगढ के अध्यक्ष हरदीप सिंह ने कहा कि बीजेपी से अलग होने का नुकसान नहीं बल्कि अकाली दल को इसका फायदा मिलेगा। यह बात चंडीगढ नगर निगम चुनाव में साबित भी हो जाएगी।

हरदीप सिंह ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी झूठे लोगों की पार्टी है जो लोगों को हर चीज फ्री में देने का लालच देती‌ है, लेकिन चंडीगढ़ के लोगों को कोई भी सुविधा फ्री में नहीं चाहिए बल्कि उन्हें हर सुविधा बेहतरीन चाहिए और अकाली दल उनकी इस जरूरत को पूरा करेगा और उन्हें उम्मीद है इस बार चंडीगढ के लोगों का साथ उन्हें जरूर मिलेगा। पंजाब विधानसभा चुनाव में भी अकाली दल बसपा के साथ मैदान में उतरा है।

बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव के लिए 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक नामांकन प्रक्रिया होगी। 6 दिसंबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 9 नवंबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। 24 दिसंबर को मतदान होगा।इस बार 35 वार्डों से 6 लाख 30 हजार मतदाता मतदान करेंगे। उम्मीदवार 5 लाख रुपए तक की राशि चुनाव-प्रचार में खर्च कर सकेंगे। इसके अलावा सामान्य वर्ग के लिए 6 हजार रुपए और अनुसूचित जाति पर 3 हजार रुपये जमानत राशि होगी।

इसके अलावा दीवारों पर लिखना और पोस्टर लगाना दंडनीय अपराध होगा। चुनाव के लिए कुछ ऑब्जर्वर दूसरे राज्यों से बुलाए जाएंगे। चुनावों के लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।

 

Related Post