सोनिया गांधी का बीजेपी पर पलटवार, कहा: स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को तुच्छ साबित करने में लगी सरकार

By  Vinod Kumar August 15th 2022 02:48 PM -- Updated: August 15th 2022 02:50 PM

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने इन 75 सालों में कई उपलब्धियां हासिल की, लेकिन आज की ‘आत्ममुग्ध सरकार’ स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने में लगी है।

सोनिया गांधी जारी किए अपने बयान में कहा कि स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भारत ने अपने प्रतिभाशाली भारतवासियों की कड़ी मेहनत से विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय पटल पर 75 सालों में एक अमिट छाप छोड़ी है।

इसके बाद सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज की आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश के गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है। इसे कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

सोनिया गांधी ने कहा कि राजनैतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर कोई भी गलतबयान गांधी-नेहरू-पटेल-आजाद जी जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कटघरे में खड़े करने के हर प्रयास का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

sonia gandhi, congress, congress chintan shivir, udaipur, rajasthan

सोनिया गांधी ने कहा कि भारत ने अपने दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में एक ओर जहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था स्थापित की, वहीं प्रजातंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत बनाया। इसके साथ-साथ भारत ने भाषा-धर्म-संप्रदाय की बहुलतावादी कसौटी पर हमेशा खरा उतरकर अपनी गौरवपूर्ण पहचान बनाई है।

Related Post