हरियाणा में पंचायत चुनावों का ऐलान, पहले चरण में 10 जिलों में होंगे चुनाव...EVM का होगा इस्तेमाल

By  Vinod Kumar October 7th 2022 02:06 PM -- Updated: October 7th 2022 02:19 PM

पंचकूला: हरियाणा में पंचायत चुनाव का ऐलान हो गया है। पहले चरण में राज्य के 10 जिलों में चुनाव कराए जाएंगे। दूसरे जिलों में चुनाव की घोषणा बाद में होगी। पंचायत चुनाव के ऐलान के साथ ही प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।

जिला परिषद और ब्लॉक समिति के लिए 30 अक्तूबर को चुनाव होंगे। सरपंच और पंच के लिए दो नवंबर को चुनाव होंगे। आठ अक्तूबर को चुनावों का नोटिफिकेशन जारी होगा। 14 से 19 अक्तूबर तक नॉमिनेशन भरे जाएंगे। 20 अक्तूबर को नॉमिनेशन की छंटनी होगी और 21 अक्तूबर तक नॉमिनेशन वापस लिए जा सकेंगे।

batala panchayat elections congress akali dal

सरपंच-पंचों के लिए वोटिंग 2 नवंबर को होगी। सरपंच-पंचों की मतगणना मतदान के दिन होगी। जिला परिषद और पंचायत समितियों की मतगणना राज्य के बाकी जिलों में चुनाव खत्म होने के बाद एक साथ कराई जाएगी।

पहले चरण में भिवानी, फतेहाबाद,झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर में चुनाव होंगे। चुनावों में 35 हजार ईवीएम का इस्तेमाल होगा, लेकिन वीवीपीएटी का उपयोग नहीं होगा। चुनावों के लिए 38 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पोलिंग बूथों पर पुलिस कर्म तैनात होंगे। संवेदनशील पोलिंग बूथों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात होंगे। चुनाव लड़ने के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होना अनिवार्य है। एससी/महिला उम्मीदवारों का 8वीं पास होना अनिवार्य है।

हरियाणा में 6220 सरपंच, 411 जिला परिषद सदस्य, 61 हजार पंचों और 3081 पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव होने हैं। इसके लिए आयोग ने 77 हजार ईवीएम का इंतजाम किया है। गुजरात से 20 हजार, उत्तर प्रदेश से 5 हजार, हिमाचल प्रदेश से 496 और 52083 ईवीएम भारतीय चुनाव आयोग से हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने ली हैं।

Related Post