19 मार्च शपथ लेंगे पंजाब के कैबिनेट मंत्री, शपथ के बाद मान की अध्यक्षता में होगी कैबिनेट की पहली बैठक

By  Vinod Kumar March 18th 2022 01:57 PM

पंजाब में प्रचंड जीत के बाद आप विधायक भगवंत मान सीएम पद की शपथ ले चुके हैं। इसके साथ ही नव निर्वाचित विधायकों का भी शपथ ग्रहण समारोह हो चुका है। अब सबकी नजरें मंत्रियों की शपथ ग्रहण पर हैं। किन किन चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा इसका खुलासा कल हो जाएगा। कल सुबह 11 बजे पंजाब के मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 17 मंत्रियों में फिलहाल 10 मंत्रियों के शपथ लेने की बात सामने आ रही है। फिलहाल मंत्रियों के नाम की औपचारिक सूची जारी नहीं हुई है लेकिन कल विधानसभा सेशन में कुछ आप विधायक मंत्रियों की सीट पर बैठे जरूर नजर आए। जिनसे 9 नामों के संकेत जरूर मिले हैं। कल विधानसभा सेशन के पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाई गई। इस मौके मुख्यमंत्री के अलावा मंत्रियों के लिए रिजर्व चेयर में कुछ आप विधायक बैठे नजर आए। जिनमें पिछली सरकार में विपक्षी दल के नेता रहे हरपाल चीमा, अमन अरोड़ा, कुलतार सिंह संधवां, नरिंदर कौर भराज, प्रो. बलजिंदर कौर, सर्वजीत कौर माणुके, प्रिंसिपल बुधराम, मनजीत सिंह बिलासपुर और डॉ. बलजीत कौर शामिल हैं। मंत्रियों के शपथ लेने के बाद 12.30 बजे भगवंत मान की पहली कैबिनेट की बैठक पंजाब सचिवालय में होगी। जिसमें AAP की चुनावी घोषणाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। आम आदमी पार्टी ने चुनाव में पंजाब के हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था। इसके अलावा सरकारी नौकरियां देने और 18 साल से बड़ी उम्र की हर महिला को प्रतिमाह 1000 रुपए देने की घोषणा की थी। स्कूल और अस्पतालों की स्थिति को भी चमत्कारिक तरीके से सुधारने का दावा किया था। अब पहली कैबिनेट मीटिंग में इन सभी फैसलों पर नजर रहेगी।

Related Post