कल्याण सिंह के निधन पर बोले पीएम मोदी- दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं
लखनऊ। बीजेपी के दिग्गज नेता कल्याण सिंह का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह से फोन पर बात की और संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, "दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं हैं। कल्याण सिंह जी जमीन से जुड़े बड़े राजनेता और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ एक महान व्यक्तित्व के स्वामी थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका योगदान अमिट है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति!"
वहीं उन्होंने आगे कहा, "भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में कल्याण सिंह जी ने अहम भूमिका निभाई। देश की हर पीढ़ी इसके लिए उनकी आभारी रहेगी। भारतीय मूल्यों में वे रचे-बसे थे और अपनी सदियों पुरानी परंपरा को लेकर उन्हें गर्व था।"
यह भी पढ़ें- पंजाब के किसानों ने रेल ट्रैक किया जाम, 66 ट्रेनें रद्द
यह भी पढ़ें- इस एथलीट ने नीलाम कर दिया अपना ओलंपिक मेडल, जानिए वजह?
पीएम मोदी ने कहा कि कल्याण सिंह जी समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के करोड़ों लोगों की आवाज थे। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनगिनत प्रयास किए। उनका समर्पण और सेवाभाव लोगों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।