कुरुक्षेत्र: 25 किलोग्राम गांजे के साथ तीन गिरफ्तार, आरोपियों में 2 महिलाएं भी शामिल
कुरुक्षेत्र/अशोक यादव: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाओं और एक पुरुष शामिल हैं। इनके कब्जे से 25 किलो 100 ग्राम गांजे की खेप बरामद हुई है। पकड़े गए गांजे की कीमत 50 हजार रुपये से ऊपर है। वहीं, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पुलिस ने अदालत से तीनों आरोपियों का रिमांड लेकर इनका नेटवर्क खंगालने की तैयारी शुरु कर दी है।
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पुलिस उप आधीक्षक राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है। मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस को आरोपियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर दो टीमों का गठन किया गया था।
टीमों ने अलग अलग जगहों से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहले मामले में आरोपी तरुण कुमार व बीरो देवी को काबू किया गया उनके कब्जे से 22 किलो गांजा बरामद हुआ।
वहीं दूसरे मामले में महिला विमला देवी को 3 किलो 100 ग्राम गांजे सहित काबू किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों का सारा नेटवर्क खंगाला जाएगा कि वह कहां से सप्लाई लेकर आते थे और कहां कहां सप्लाई करते थे।