माता वैष्णो देवी के मंदिर में मची भगदड़, 12 लोगों की हुई मौत...ये थी हादसे की वजह
जम्मू नेशनल डेस्क: वैष्णो देवी मंदिर परिसर में बीती रात भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही 13 लोगों के घायल होने की भी खबर है। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। ये घटना रात को करीब 2 बजे के आस-पास हुई।
दरअसल नए साल के मौके पर यहां दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। भीड़ जुटने के कारण रात में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में नीचे दबने से 12 लोगों की मौत हुई। इस मामले पर जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जांच कमेटी बिठा दी है। हादसे को लेकर अब प्रसाशन पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर कोरोना काल में इतनी भीड़ कैसे जुट गई और भीड़ जुटी तो सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं थे? अब घटना के बाद प्रशासन मुस्तैद हुआ और फिर कुछ घंटों बाद भीड़ को काबू किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पीएम राहत कोष और जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल की तरफ से मुआवजे का एलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को पीएम राहत कोष से 2 लाख घायलों को 50 हजार और राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 10 लाख और घायलों के परिजिनों को 2 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, 'माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति का जायजा लिया'।