अरुणाचल में हिमस्खलन की चपेट में सेना के 7 जवान हुए लापता, तलाश जारी
अरुणाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके में सेना के सात जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। अभी तक इन सात जवानों का कोई पता नहीं चल पाया है। आधिकारिक सूत्रों ने दिल्ली में बताया कि उनकी तलाश व बचाव का अभियान जारी है।
कामेंग सेक्टर के ऊंचाई वाले इलाके में हिमस्खलन की घटना सामने आई है। लापता जवान रविवार को गश्त कर रहे एक सैन्य दल का हिस्सा थे। तभी पहाड़ी से हिमस्खलन होने से जवान उसकी चपेट में आ गए। एक सूत्र ने बताया कि जवानों के राहत व बचाव का काम जारी है। विशेष टीमों को विमान से मौके पर भेजा गया है, ताकि बचाव कार्य में उनकी सेवाएं ली जा सकें। इलाके में मौसम खराब है और पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है।
सर्दियों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गश्त करना मुश्किल
सर्दियों के महीनों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गश्त करना मुश्किल हो जाता है। सेना पहले भी ऐसी घटनाओं में अपने सैनिकों को खो चुकी है। मई 2020 में सिक्किम में हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के दो जवानों की की मौत हो गई थी।
अक्टूबर, 2021 में हिमस्खलन में नौसेना के पांच जवानों की मौत
पिछले साल अक्टूबर में उत्तराखंड में माउंट त्रिशूल पर हिमस्खलन में नौसेना के पांच जवान फंस गए थे, जहां वे एक अभियान के लिए गए थे। उनके शव बाद में बरामद किए गए। फरवरी 2020 में सरकार ने संसद को बताया कि 2019 में सियाचिन ग्लेशियर में हिमस्खलन के कारण सेना के छह जवानों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य जगहों पर इसी तरह की घटनाओं में 11 अन्य जवान शहीद हो गए थे।