रेप के आरोपी राम रहीम को मिली फरलो, सिरसा डेरे में चल रही स्वागत की तैयारी...डेरा प्रेमियों में खुशी का माहौल
Ram Rahim accused of rape and murder get furlough: दुष्कर्म और हत्या के केस में सजा काट रहे सिरसा डेरा प्रमुख राम रहीम गुरमीत सिंह को 21 दिन की फरलो मिल गई है। राम रही अगस्त 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। उसे सुनारिया जेल से बाहर निकालने की तैयारी है।
मई 2021 में राम रहीम को 48 घण्टे के लिए पेरोल मिली थी। करीब साढ़े चार साल बाद 21 दिन के लिए पेरोल मिली है। जेल मंत्री चौ.रणजीत सिंह चौटाला ने इसकी पुष्टि की है। बेगू रोड स्थित डेरा सच्चा सौदा में खुशी का माहौल है। सबसे पहले सिरसा डेरा जाने की बात सामने आ रही है, लेकिन अब खबर आ रही है कि उसे पहले गुरुग्राम ले जाया जा रहा है। उसके स्वागत के लिए डेरे में तैयारियां चल रही हैं। सिरसा डेरे में भी अनुयायियों का जुड़ना शुरू हो गया है।
फरलो (Furlough) एक छुट्टी की तरह है जिसमें जेल में सजायाफ्ता बंदियों को छुट्टी मिलती है और तय समय के लिए वह अपने घर जा सकते हैं, लेकिन राम रहीम को फरलो देने को लेकर कई चीजों से जोड़कर देखा जा रहा है। पंजाब में चुनाव भी हैं तो राम रहीम के बाहर आने के चलते चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पंजाब में भारी संख्या में डेरा अनुयायी हैं।
बता दें कि गुरमीत राम रहीम को साध्वी दुष्कर्म मामले में पंचकूला की अदालत में 25 अगस्त 2017 को पेश किया गया था। सीबीआइ की विशेष अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए सुनारिया जेल में भेज दिया था। 27 अगस्त को इस मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में ही सीबीआइ अदालत लगाई गई, जिसमें रामरहीम को 20 साल की सजा सुनाई गई। वहीं पत्रकार हत्याकांड में भी राम रहीम को दोषी करार दिया गया था। इसी दिन से रामरहीम जेल में सजा काट रहा है।